पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र के राय बरवा गांव में गुरुवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 20 वर्षीय युवती का शव उसके मामा के घर में फंदे से लटका मिला। घटना गांव के वार्ड नंबर-4 की है। युवती की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान पूर्वी चंपारण जिले के आनंदीगंज बेलवा निवासी अरुण कुमार की पुत्री सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। सलोनी एमजेके कॉलेज में बीए पार्ट-3 की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, वह करीब 15 दिन पहले अपने नाना के घर राय बरवा आई थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम उसकी नानी ने घर में सलोनी का शव फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर साठी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया है।
इधर, युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के पिता अरुण कुमार ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
