उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, बेकारबांध राजेंद्र सरोवर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे कोयलांचल में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए धनबाद के बेकारबांध स्थित राजेंद्र सरोवर छठ घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

अहले सुबह से ही छठव्रती अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचने लगे थे। सभी को भगवान भास्कर के उदय होने का इंतजार था। जैसे ही सूर्य देव ने दर्शन दिए, छठव्रतियों ने विधि-विधान के साथ अर्घ्य अर्पित किया और छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

इस दौरान पूरा राजेंद्र सरोवर छठी मईया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से भक्तिमय हो उठा। घाट पर श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। 36 घंटे के निर्जला व्रत के समापन के साथ व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत पूरा किया।

इस अवसर पर पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, सिटी एसपी ऋतुराज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। छठ महापर्व के शांतिपूर्ण आयोजन के साथ कोयलांचल में चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व का समापन हुआ।