धनबाद में सजेगी क्रिकेट की बिसात, 19 नवंबर से शुरू होगी DCA चैंपियंस लीग; चार टीमों के बीच होगा खिताबी घमासान

जिले में क्रिकेट प्रेमियों को जल्द ही रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) की ओर से आयोजित इमेजिका डायग्नोस्टिक DCA चैंपियंस लीग (सीनियर) टूर्नामेंट का आगाज 19 नवंबर से होने जा रहा है। जियलगोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाला यह चार दिवसीय टूर्नामेंट 22 नवंबर तक चलेगा। इसी दिन फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

मंगलवार को धनबाद क्रिकेट संघ ने टूर्नामेंट के कार्यक्रम और चारों टीमों की घोषणा की। इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए DCA रेड, DCA ग्रीन, DCA ब्लू और DCA येलो की टीमें मैदान में उतरेंगी। टूर्नामेंट में सभी टीमों के बीच मुकाबले होंगे, जिसके बाद खिताबी भिड़ंत होगी।

19 नवंबर से शुरू होंगे मुकाबले

टूर्नामेंट के पहले दिन 19 नवंबर को सुबह 8:45 बजे DCA रेड और DCA ग्रीन के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, दोपहर 12:30 बजे DCA ब्लू और DCA येलो की टीमें आमने-सामने होंगी।

20 नवंबर को सुबह 8:45 बजे DCA रेड का मुकाबला DCA ब्लू से होगा। इसके बाद दोपहर में DCA ग्रीन और DCA येलो के बीच मैच खेला जाएगा।

22 नवंबर को होगा फाइनल

चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का समापन 22 नवंबर को फाइनल मुकाबले के साथ होगा। जियलगोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है।

धनबाद क्रिकेट संघ की इस पहल का उद्देश्य जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और स्थानीय क्रिकेट को बढ़ावा देना है। अब सभी की निगाहें चारों टीमों के प्रदर्शन और चैंपियन बनने की जंग पर टिकी हैं।