रांची में पत्रकार अभिषेक भारती के डिजिटल मीडिया कार्यालय पर पुलिस की कार्रवाई, देशभर के पत्रकारों में आक्रोश! मीडिया की स्वतंत्रता पर उठे सवाल।

रांची। पत्रकार अभिषेक भारती के रांची स्थित डिजिटल मीडिया कार्यालय में सिमडेगा एवं रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को लेकर देशभर के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है। पत्रकार अभिषेक भारती के कार्यालय को निशाना बनाते हुए वहां से सभी सामान जब्त किए जाने की कार्रवाई को पत्रकार संगठनों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और मीडिया की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रहार बताया है।
मामले को लेकर पत्रकार संगठनों का कहना है कि सिमडेगा पुलिस द्वारा पत्रकार अभिषेक भारती के विरुद्ध मामला दर्ज किए जाने के बाद जिस प्रकार आनन-फानन में उनके आवास एवं कार्यालय पर छापेमारी की गई और उन्हें एक अपराधी की तरह देखा गया, वह बेहद निंदनीय है। इस कार्रवाई से झारखंड सहित देश के कई राज्यों के पत्रकारों में नाराजगी है।
इस पूरे मामले को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन एवं भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के संस्थापक शहनवाज हसन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए झारखंड के सभी जिलों के उपायुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारियों के माध्यम से झारखंड सरकार के मुख्य सचिव के नाम आवेदन सौंपने की पहल की है।