नालंदा में बड़ा हादसा: मां शीतला मंदिर में भगदड़, 6 की मौत, कई घायल !

नालंदा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के मघडा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में अब तक मिली जानकारी के अनुसार करीब 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हर मंगलवार की तरह इस बार भी मां शीतला मंदिर में पूजा को लेकर मेला लगा हुआ था। भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोग गिर पड़े, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस और प्रशासन मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बिहार शरीफ के एसडीएम के साथ लहेरी और दीपनगर थाना की पुलिस हालात को संभालने में जुटी है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

भगदड़ या गर्मी? बयान में अंतर

इस घटना को लेकर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं।

* स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में पर्याप्त पुलिस बल नहीं था, जिससे भीड़ अनियंत्रित हो गई और भगदड़ मच गई।
* वहीं दीपनगर थाना अध्यक्ष राजमणि के अनुसार, मंगलवार होने के कारण अचानक अत्यधिक भीड़ जुट गई और गर्मी व भीड़ की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ने से यह स्थिति बनी। उन्होंने भगदड़ की पुष्टि नहीं की है।

वीआईपी ड्यूटी का भी असर

बताया जा रहा है कि जिले में एक वीआईपी कार्यक्रम के चलते पुलिस बल पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त था। इसी बीच मंदिर में भारी भीड़ जुटने से हालात बिगड़ गए।

इलाके में शोक और आक्रोश

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

office
Author: office