हो रहा भंडारा भैया… ज्येष्ठ के तीसरे मंगल पर गोंडा में जगह-जगह लगे भंडारे, गूंजे जयकारे

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगल के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिला। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह बजरंग बली और बाला जी सरकार के भंडारे आयोजित किए गए। पूरे जिले में “हो रहा भंडारा भैया, हो रहा भंडारा” की गूंज सुनाई देती रही।

भंडारों में भगवान हनुमान जी को भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। शहर के एलबीएस चौराहे पर हनुमान जी के चित्र का विधिवत पूजन कर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां भक्तों ने जय श्री राम और बाला जी सरकार के जयकारे लगाए।

वहीं सिंचाई विभाग परिसर में अभियंताओं द्वारा हनुमान जी के नाम पर भंडारे का आयोजन किया गया। इमिलिया मिश्र मंडी के सामने भी शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पोर्टरगंज और फरेंदा शुक्ल गांव में लोगों को शर्बत पिलाया गया और हलवा वितरण किया गया।

इस दौरान कार्तिका गोड, अमित कुमार जेई, अजीत कुमार पांडेय, हरि प्रसाद शुक्ल सहित कई सामाजिक और धार्मिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन में सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक आयोजन में भाग लिया।

ज्येष्ठ माह के मंगल को लेकर जिलेभर में भक्तिमय माहौल बना रहा और लोगों ने सेवा भाव के साथ भंडारे में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।