महान समाजवादी नेता एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस की जयंती पर बुधवार को श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। राज्य सरकार द्वारा उनके जन्मदिन को राजकीय समारोह के रूप में मनाने के निर्णय के तहत शहर के कंपनीबाग स्थित जॉर्ज स्मृति उद्यान (सिटी पार्क) में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जॉर्ज फर्नांडिस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया। उपस्थित वक्ताओं ने जॉर्ज फर्नांडिस के राजनीतिक जीवन, समाजवादी विचारधारा और देश की सेवा में उनके योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस ने देश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई और आम लोगों के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष किया। रक्षा मंत्री के रूप में उनके कार्यों को आज भी याद किया जाता है। समारोह में उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
