रक्सौल–सीतामढ़ी रेलखंड पर अज्ञात शव मिलने से सनसनी

सीतामढ़ी रेलखंड पर गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह शव रक्सौल स्थित सौवनहा माई मंदिर से कुछ दूरी पर रेलवे ट्रैक के किनारे मिला। शव की स्थिति बेहद गंभीर होने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों और ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक के पास एक शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और रेलवे पुलिस को दी गई। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। शव का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है।स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। उसके शरीर पर काले रंग की जींस, सफेद शर्ट और काले रंग की चप्पल थी। आसपास के गांवों में पहचान के लिए सूचना दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और मृतक के संबंध में कोई जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।फिलहाल पुलिस अज्ञात शव की पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रक्सौल-सीतामढ़ी रेलखंड पर अज्ञात व्यक्ति का मिला शव: सिर-शरीर पर मिले गहरे  चोट के निशान, ट्रेन से गिरने की आशंका