दिल्ली अग्निकांड के बाद बोकारो प्रशासन अलर्ट, होटलों की फायर सेफ्टी जांच के आदेश

दिल्ली अग्निकांड के बाद बोकारो प्रशासन अलर्ट

दिल्ली के मालवीय नगर में हुई भीषण आग की घटना के बाद देशभर में होटल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इसी कड़ी में बोकारो जिला प्रशासन ने जिले के सभी होटलों की फायर सेफ्टी और भवन निर्माण मानकों की जांच कराने का निर्णय लिया है।

बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चास और बेरमो के एसडीएम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। उपायुक्त ने कहा कि जिले के कुछ होटलों में फायर एग्जिट मार्गों पर सामान रखे जाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायतें मिली हैं। ऐसे मामलों की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

डीसी ने स्पष्ट कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के दौरान यदि किसी होटल में फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन या आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी पाई जाती है तो संबंधित होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर होटल को बंद भी किया जा सकता है।

बोकारो जिले में तीन दर्जन से अधिक होटल संचालित हैं, जिनमें कई बड़े और थ्री-स्टार श्रेणी के होटल भी शामिल हैं। प्रशासन की इस पहल को होटल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दिल्ली अग्निकांड के बाद बोकारो प्रशासन अलर्ट