झरिया के भौंरा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवा के झोंकों के कारण जलमीनार पर लगी पानी की सिंटेक्स टंकी टूटकर नीचे घरों पर गिर गई। हादसे में दो घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक बच्चा घायल हो गया।भौंरा ओपी क्षेत्र के भौंरा 5 नंबर जहाजटांड़ बस्ती में सुबह करीब चार बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान जलमीनार पर स्थापित सिंटेक्स टंकी अचानक टूटकर नीचे आ गिरी। टंकी गिरने से किशोर कुमार और फुलचंद बाउरी के घरों को भारी नुकसान पहुंचा।
पीड़ित किशोर कुमार ने बताया कि घटना के समय पूरा परिवार घर में मौजूद था। अचानक जोरदार आवाज के साथ टंकी घर पर गिर गई, जिससे घर की एस्बेस्टस छत टूट गई और घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक बच्चा घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।स्थानीय निवासियों का कहना है कि जलमीनार की सिंटेक्स टंकी क्षतिग्रस्त होने से करीब 300 की आबादी के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द नई टंकी लगाने, जलापूर्ति बहाल करने और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र के लोग प्रशासन की ओर से राहत और मरम्मत कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
