विश्व पर्यावरण दिवस पर जनजातीय महिलाओं ने किया वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी

दुमका: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वयंसेवी संस्था ग्राम साथी द्वारा संचालित एमपावर्ड परियोजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की जनजातीय महिलाओं ने दुमका जिले के रामगढ़ प्रखंड के विभिन्न गांवों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश देना तथा जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के प्रति लोगों को सचेत करना था।

अभियान के तहत पातोबांध, बाबुपुर, जोगिया, रामगढ़, हेठभेलवा, बिन्धासारे और गरडी बी सहित कई गांवों में आम, नींबू, लीची, बेल, अमरूद एवं सहजन जैसे फलदार और उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। महिलाओं ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया, ताकि भविष्य में ये पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर स्मार्ट सखियों ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में स्मार्ट सखी अंजलि किस्कु, सावित्री सोरेन, मायबीटी बेसरा, सुनीता टुडू, सुनीता मुर्मू और सपना कुमारी सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की प्रतिभागियों ने भाग लिया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न बूथों पर पौधारोपण किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी