मधुबनी में पत्रकारों का विरोध जारी, तीसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर किया कार्य

जिले के वरिष्ठ पत्रकार अजयधारी सिंह को कथित रूप से बिना स्पष्ट कारण नगर थाना में घंटों बैठाए रखने के विरोध में पत्रकारों का आक्रोश लगातार जारी है। रविवार को जिले के पत्रकारों की एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

पत्रकारों ने तीसरे दिन भी काली पट्टी बांधकर अपना कार्य किया और घटना के प्रति विरोध जताया। पत्रकारों का आरोप है कि 23 मई की शाम वरिष्ठ पत्रकार अजयधारी सिंह को नगर थाना में करीब चार घंटे तक रखा गया, लेकिन उन्हें बुलाने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया गया। बताया गया कि यह कार्रवाई कथित तौर पर जिलाधिकारी के आदेश पर की गई थी।

बैठक में मौजूद पत्रकारों ने इस घटना को प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकार सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाने पर भी चर्चा की गई  |