घनुडीह में आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार का विरोध, मारपीट और फायरिंग के आरोप से तनाव

झरिया घनुडीह चीनकोठी बस्ती से सटे इलाके में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तार को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि बस्ती के निकट ओवरबर्डन (ओबी) डंप किया जा रहा था, जिसका उन्होंने विरोध किया। विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कंपनी समर्थकों तथा ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध करने पर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह और घनुडीह ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। वहीं घनुडीह ओपी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद ओबी डंपिंग की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई और यदि समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक इस मामले पर उच्चस्तरीय बैठक नहीं हो जाती, तब तक विवादित स्थल पर ओबी डंपिंग या किसी नए कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।

वहीं ग्रामीण सुनील कुमार मंडल ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा अवैध रूप से ओबी डंप किया जा रहा था। विरोध करने पर करीब 30 लोग मौके पर पहुंचे और मारपीट करने लगे। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। मारपीट में उनका हाथ टूटने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट और शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।