SIR को लेकर JMM ने कसी कमर, बोकारो में BLA-2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित

  बोकारो राज्य में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बोकारो जिले के सेक्टर-1 स्थित टाउन हॉल में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक उमाकांत रजक तथा पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रशिक्षण शिविर में बूथ स्तर पर कार्यरत एजेंटों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया, नाम हटाने और जोड़ने से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। नेताओं ने बताया कि राज्य में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम बोकारो जिले में सूची से हटाए गए हैं, जिनमें बोकारो विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।

इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता पहचान और मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट जाता है, तो उसका असर न केवल चुनावी प्रक्रिया पर पड़ेगा, बल्कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

नेताओं ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और पात्र मतदाताओं का नाम सूची में बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से हटने नहीं दिया जाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और बूथ स्तरीय एजेंट मौजूद रहे। JMM नेताओं ने SIR अभियान के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।