हरिद्वार रुड़की ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हरिद्वार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयान और अजय के रूप में हुई है। दोनों आरोपी चोरी किए गए वाहनों को मॉडिफाई कर उन्हें बेचकर मुनाफा कमाने का काम करते थे।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे आपराधिक तत्वों के चिन्हीकरण एवं सघन चेकिंग अभियान के दौरान गंगनहर कोतवाली पुलिस ने पनियाला तिराहा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने देहात क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज पांच वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित मोटरसाइकिलों समेत कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों में चोरी के मामलों से जुड़े वाहन भी शामिल हैं, जबकि अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच की जा रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
