मुजफ्फरपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुजफ्फरपुर पूर्वी की ओर से बुधवार को मुजफ्फरपुर स्थित दाता कम्बल शाह मजार पर चादरपोशी एवं विशेष दुआ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा देश की निरंतर उन्नति, विकास और समृद्धि के लिए विशेष दुआ की गई। उपस्थित लोगों ने देश के उज्ज्वल भविष्य और प्रधानमंत्री के सफल नेतृत्व की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा की। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की भी प्रार्थना की गई।
मजार परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया और देश की प्रगति तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
