पटना नौबतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना नौबतपुर-फुलवारी मुख्य मार्ग (एनएच-139) पर बादीपुर गांव के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर निवासी सजीवन राम के रूप में हुई है। वहीं हादसे में मंटू कुमार, सोनू, सुरेंद्र कुमार समेत चार लोग घायल हो गए। घायल मंटू, सुरेंद्र और सोनू नौबतपुर थाना क्षेत्र के बादीपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी लोग महंगूपुर स्थित एक सीमेंट दुकान में मजदूरी का काम करते थे। गुरुवार रात करीब नौ बजे वे ट्रैक्टर से सामान पहुंचाकर वापस दुकान लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर सवार मजदूर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सजीवन राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
