भीषण सड़क हादसा: टेंपो-बाइक की टक्कर में 5 घायल, 3 की हालत गंभीर

नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी बीघा मोड़ स्थित एक स्कूल के समीप शनिवार को टेंपो और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अस्थावां पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

घायल गोरी केवट के चाचा अजय केवट ने बताया कि उनका भतीजा मलमास मेला देखने के बाद टेंपो से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और टेंपो के बीच टक्कर हो गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।