बोकारो में पारिवारिक काउंसलिंग के दौरान होमगार्ड जवान ने गरगा नदी में लगाई छलांग, पुलिस ने बचाई जान

बोकारो के सेक्टर-1 स्थित महिला थाना में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पारिवारिक काउंसलिंग के दौरान एक होमगार्ड जवान अचानक गुस्से में आकर गरगा नदी में कूद गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते उसकी जान बचा ली गई। फिलहाल जवान का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार तेलो निवासी होमगार्ड जवान बादल महली अपनी पत्नी के साथ चल रहे वैवाहिक विवाद को लेकर महिला थाना में काउंसलिंग के लिए पहुंचा था। काउंसलिंग के दौरान किसी बात को लेकर वह अचानक नाराज हो गया और वहां से निकलकर जेवियर स्कूल के पीछे स्थित गरगा नदी की ओर चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बादल महली ने देखते ही देखते नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही महिला थाना और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे नदी से सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को सामान्य और खतरे से बाहर बताया है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और जवान के परिजनों से भी संपर्क किया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों से उत्पन्न मानसिक तनाव और उसके गंभीर परिणामों की ओर ध्यान आकर्षित किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में भावनात्मक आवेश में आकर ऐसा कदम न उठाएं और जरूरत पड़ने पर परामर्श एवं सहायता लें।