समस्तीपुर के दूधपूरा हवाई अड्डा के जीर्णोद्धार और संचालन, बंद पड़े समस्तीपुर चीनी मिल एवं ठाकुर पेपर मिल को पुनः चालू करने तथा मुक्तापुर जूट मिल के विकास, विस्तार और नियमित संचालन की मांग को लेकर जिला विकास संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी कड़ी में 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित प्रदर्शन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया।
जिला विकास संघर्ष मोर्चा के संयोजक शत्रुघ्न राय पंजी ने बताया कि आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक सर्किट हाउस के समीप एकत्रित हुए, जहां से शहर के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान सर्किट हाउस, मोहनपुर चौक, महदैया पोखर सहित कई प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को आंदोलन के उद्देश्यों और मांगों की जानकारी दी गई।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि वर्षों से जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे लंबित पड़े हैं। दूधपूरा हवाई अड्डा का संचालन शुरू होने से क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी, वहीं बंद उद्योगों के पुनः शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उन्होंने आम जनता से 15 जून को जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। मोर्चा का दावा है कि यह आंदोलन जिले के विकास और रोजगार के मुद्दों को लेकर जनभावनाओं की आवाज है।
