बिहार के पर्यटन स्थलों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्वरूप, सीएम सम्राट चौधरी ने दिए बड़े निर्देश

पटना बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पर्यटन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए। उन्होंने गया, राजगीर और नालंदा में पर्यटकों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिल सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मां मुंडेश्वरी मंदिर, करकटगढ़ जलप्रपात और राजगीर के लिए रियायती हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही वाल्मीकिनगर के लिए सप्ताहांत विशेष वायु सेवा शुरू करने की योजना पर भी चर्चा की गई, जिससे पर्यटकों की पहुंच आसान हो सके।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पटना से विभिन्न पर्यटन स्थलों तक ‘एंड-टू-एंड’ यात्रा सुविधा विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने गया के विष्णुपद मंदिर और बोधगया के महाबोधि मंदिर कॉरिडोर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में राजगीर को वैश्विक आध्यात्मिक एवं शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने तथा नालंदा को विश्वस्तरीय ज्ञान एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पुनर्स्थापित करने के लिए विशेष पर्यटन पैकेज तैयार करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़कर पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन अवसंरचना, आवागमन, आवास और पर्यटक सुविधाओं में व्यापक सुधार कर बिहार को देश और दुनिया के पर्यटकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाया जाए।