नौबतपुर में 20 हजार रुपये छिनतई कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

नौबतपुर पुलिस ने लख सब्जी बाजार में हुई 20 हजार रुपये की छिनतई मामले का सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार बरामद की है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान भी कर ली गई है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार 12 जून को एक व्यक्ति बैंक से रुपये निकालकर लौट रहा था, तभी बदमाशों ने उससे 20 हजार रुपये छीन लिए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

नौबतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।