दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को पदमपुर मोटाढाक स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बहुउद्देशीय समाज कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 सामान्य व्हील चेयर और 10 इलेक्ट्रिक व्हील चेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण पात्र दिव्यांग लाभार्थियों को वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्षा एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने प्रतिभाग किया। उन्होंने लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सुविधाओं, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
समाज कल्याण विभाग, पौड़ी गढ़वाल द्वारा आयोजित इस शिविर में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत सहयोग प्रदान किया। शिविर में व्हील चेयर के अलावा अन्य आवश्यक सहायक उपकरण भी लाभार्थियों को उपलब्ध कराए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाया जा सके।
विधानसभा अध्यक्षा ने कहा कि इस प्रकार के शिविर दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, उनके परिजन, जनप्रतिनिधि तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने सरकार और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार होगा।
