नालंदा जिले के तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा बिगहा पुल के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी और ताड़ के पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि एक किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान जहानाबाद जिले के घोषी थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी 14 वर्षीय अंकुश कुमार, तेल्हाड़ा थाना क्षेत्र के कोठरी गांव निवासी 14 वर्षीय तन्नू कुमार तथा 16 वर्षीय सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर एक श्राद्ध कर्म कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से तेल्हाड़ा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंगा बिगहा पुल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। खाई में गिरने के बाद बाइक ताड़ के पेड़ से टकरा गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। हालांकि, एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य ने इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर तेल्हाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और बाइक के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
