नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना चुल्हारी गांव के समीप हुई, जहां युवक की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
घायल युवक की पहचान रहमानपुर गांव निवासी चंदू चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र रंजीत चौधरी के रूप में की गई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से उसे तत्काल अस्थावां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि अस्पताल में जांच के दौरान युवक की स्थिति गंभीर पाई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे उच्चस्तरीय उपचार के लिए हाई सेंटर भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, रंजीत चौधरी अपने गांव रहमानपुर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर कतरीसराय थाना क्षेत्र के शाहाबादपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान चुल्हारी गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
