बिहार सरकार के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर के तहत बुधवार को खानपुर प्रखंड सह अंचल परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा वहां उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे आमजनों एवं लाभुकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वहीं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने लोगों को कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं तथा आम लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, श्रम, आवास, आपूर्ति एवं अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन भी किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं लाभुकों की उपस्थिति रही।
