गुरु अर्जन देव जी का 420वां शहीदी दिवस, श्रद्धा से झुकी संगत

नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के मंगल कुआं स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी शाही संगत में सिखों के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी का 420वां शहीदी दिवस श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु साहिब को नमन किया। गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सबसे पहले गुरु ग्रंथ साहिब जी का विधिवत प्रकाश किया गया। इसके बाद पंचवाणी और सुखमणि साहिब का पाठ हुआ।

श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गुरबाणी का श्रवण किया और गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को याद किया। संगत ने गुरु साहिब के बताए सत्य, सेवा, त्याग और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सेवा और प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। संगत ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, सहनशीलता और धर्म के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।