निरसा (धनबाद) 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर निरसा के गुरुद्वारा प्रांगण में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पतंजलि योगपीठ एवं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
योग महोत्सव में निरसा विधायक अरूप चटर्जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लोगों के साथ योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के लिए योग को जरूरी बताया। विधायक ने कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का बेहतर माध्यम है, इसलिए हर व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
कार्यक्रम में सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चे उत्साह के साथ पहुंचे। योग प्रशिक्षकों ने मौजूद लोगों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार सहित कई योगासन कराए और नियमित योग करने के फायदे बताए।
आयोजकों ने बताया कि योग केवल बीमारी से बचाव का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवनशैली को बेहतर बनाने का मार्ग भी है। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने स्वस्थ और निरोग रहने का संकल्प लिया।
