बोकारो झारखंड भ्रष्टाचार बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं को लेकर आजसू पार्टी ने शनिवार शाम बोकारो में मशाल जुलूस निकाला। यह जुलूस नया मोड़ स्थित बिरसा चौक से शुरू होकर सिटी सेंटर तक पहुंचा।
मशाल जुलूस का नेतृत्व आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह पूर्व विधायक लंबोदर महतो और पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अजय सिंह ने किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा।
आजसू नेताओं ने विस्थापितों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने अवैध खनन, लोहा चोरी, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. लंबोदर महतो ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम जनता के काम प्रभावित हो रहे हैं और इन समस्याओं को लेकर आजसू पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
वहीं अजय सिंह ने कहा कि बोकारो जैसे औद्योगिक क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की।
मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
