नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर दुमका के रामगढ़ में पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

दुमका झारखंड नशे एवं मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दुमका जिले के रामगढ़ में पुलिस ने जागरूकता रैली निकाली। राज्यभर में चल रहे नशामुक्ति अभियान के तहत रामगढ़ थाना पुलिस ने यह पहल की।

जागरूकता रैली का नेतृत्व रामगढ़ थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने किया। थाना परिसर से शुरू हुई यह रैली रामगढ़ बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए जोगिया तक पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मी हाथों में नशा विरोधी पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक करते नजर आए।

रैली में शामिल पुलिसकर्मी नशे के खिलाफ नारे लगाते हुए लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील कर रहे थे। पुलिस टीम ने जगह-जगह नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री पर रोक लगाने से संबंधित जागरूकता पोस्टर भी लगाए।

जोगिया से वापस थाना परिसर पहुंचने के बाद रैली का समापन किया गया। इस मौके पर थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशा समाज और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। सभी लोगों को मिलकर नशामुक्त समाज बनाने में सहयोग करना चाहिए।