गंगोलीहाट विधानसभा सीट पर भाजपा नेता विजय चंद्र ने ठोकी दावेदारी,

 आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व ग्राम प्रधान विजय चंद्र ने गंगोलीहाट विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है।

गंगोलीहाट स्थित अपने निजी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विजय चंद्र ने पार्टी आलाकमान से टिकट की मांग की। उन्होंने अपनी लंबी राजनीतिक यात्रा और संगठन में किए गए कार्यों का हवाला देते हुए कहा कि वह लंबे समय से पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

विजय चंद्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1996 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह भाजपा युवा मोर्चा सहित पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर संगठन को मजबूत करने का काम करते रहे हैं।

पूर्व सैनिक के पुत्र विजय चंद्र ने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें मौका देती है तो वह गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।