आजसू की जनाक्रोश रैली में सरकार और पुलिस पर बरसे मांडू विधायक

 झारखंड धनबाद के लोयाबाद में हुई झड़प और गोलीबारी की घटना अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। मामले को लेकर आजसू पार्टी ने जनाक्रोश महारैली आयोजित की, जिसमें मांडू विधायक निर्मल महतो ने राज्य सरकार और धनबाद पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला।

रैली को संबोधित करते हुए मांडू विधायक निर्मल महतो ने हेमंत सोरेन सरकार और धनबाद एसपी पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।

विधायक ने धनबाद एसपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने एसपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विवादित बयान भी दिया।

वहीं आजसू नेता लालचंद महतो ने भी लोयाबाद गोलीकांड को लेकर पुलिस प्रशासन और सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लगातार आंदोलन करेगी।

आजसू की जन आक्रोश महारैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली के दौरान सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।