बिहार समस्तीपुर स्थित बुनियादी प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण पूरा करने वाले दरभंगा जिला बल के 266 प्रशिक्षु सिपाहियों का पारण परेड समारोह आयोजित किया गया। एक वर्ष का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद प्रशिक्षु सिपाही पुलिस सेवा में नई जिम्मेदारी के लिए तैयार हुए।
समारोह में पुलिस उप-महानिरीक्षक मिथिला क्षेत्र दरभंगा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समस्तीपुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी उपस्थित रहे।
पारण परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों ने अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन किया। पुलिस उप-महानिरीक्षक ने सभी प्रशिक्षु सिपाहियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मिली सीख का उपयोग पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सिपाहियों को भी सराहा गया।
परेड कमांडर के रूप में प्रथम स्थान प्रशिक्षु सिपाही-1836 शिवम कुमार तिवारी और द्वितीय स्थान प्रशिक्षु सिपाही-2051 रविकांत कुमार रहे वहीं प्लाटून स्तर पर प्रशिक्षु सिपाही देवव्रत तिवारी, शिवम कुमार, जय प्रकाश कुमार, अभिजीत कुमार चंचल सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने जिम्मेदारी संभाली।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और प्रशिक्षण केंद्र के पदाधिकारियों ने प्रशिक्षु सिपाहियों का उत्साह बढ़ाया।
