मोहर्रम को लेकर थाना में शांति समिति की बैठक, प्रशासन ने भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की

मधुबनी आगामी मोहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मधुबनी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में लखनौर थाना परिसर में भी शांति समिति की अहम बैठक हुई।

बैठक में झंझारपुर एसडीएम कुमार गौरव, सीडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा, लखनौर थानाध्यक्ष बेमिसाल कुमार समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, अखाड़ा प्रमुख और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

बैठक में मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस के मार्ग, समय-सारणी, पुलिस प्रशासन की तैनाती और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी लोगों से संयम बरतने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की नजर रहेगी। पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आम लोगों का सहयोग जरूरी है।