किडनी रोगियों के लिए उम्मीद की नई किरण, तोपचांची में डायलिसिस यूनिट शुरू

तोपचांची किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए धनबाद जिले के तोपचांची से राहत भरी खबर सामने आई है। अब इलाज के लिए मरीजों को धनबाद या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि क्षेत्र में डायलिसिस की सुविधा शुरू कर दी गई है।

तोपचांची में मंगलवार को नए डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो और धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

नए डायलिसिस सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां मरीजों का डायलिसिस पूरी तरह निःशुल्क किया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था।

फिलहाल यह सुविधा तीन बेड के साथ शुरू की गई है। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में मरीजों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

डायलिसिस यूनिट के शुरू होने से न केवल मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा, बल्कि उनके समय और आर्थिक संसाधनों की भी बचत होगी। क्षेत्र के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है।