जमशेदपुर के मुसाबनी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की खेप बरामद की है। कार्रवाई के दौरान शराब से लदी एक टाटा मैजिक वाहन को जब्त किया गया, जबकि चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में वाहन मालिक समेत आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को मध्यरात्रि सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक टाटा मैजिक में अवैध शराब की खेप मुसाबनी क्षेत्र में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी थाना पुलिस ने जादूगोड़ा–मुसाबनी मुख्य मार्ग पर एचसीएल कंपनी के प्रशिक्षण भवन के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा मैजिक (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05BN-2155) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन से 25 कार्टन में 300 बोतल किंगफिशर बीयर तथा एक कार्टन में 12 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक एलीट व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही शराब की खेप जब्त कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने वाहन के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वाहन मालिक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम एवं संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
