बिहारशरीफ के निजी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा

बिहारशरीफ स्थित नालंदा हड्डी एवं रीढ़ सेंटर में इलाज के दौरान एक राजमिस्त्री की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतक की पहचान नूरसराय थाना क्षेत्र के डोइया गांव निवासी 42 वर्षीय अमेरिकन रविदास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह निर्माण कार्य के दौरान छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने इलाज शुरू करने से पहले पैसे की मांग की और समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से ऋषि कुमार ने कहा कि मरीज को अत्यंत गंभीर अवस्था में रेफर कर अस्पताल लाया गया था। उन्होंने दावा किया कि चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और मरीज की जान बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन उसकी स्थिति बेहद नाजुक होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि परिजनों के आरोपों में कितनी सच्चाई है।