नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। सोहडीह बधार में 32 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गोलापर निवासी सुधीर साव के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था और दो बच्चों का पिता था।
परिजनों के अनुसार राजन कुमार मंगलवार को ढलाई कार्य के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सोहडीह बधार स्थित 17 नंबर पावर ग्रिड के उत्तर दिशा में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय वार्ड पार्षद विनोद रविदास ने मामले की जानकारी सोहसराय थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
