बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में मृत शिशु के जन्म के बाद हंगामा, लेबर रूम में तोड़फोड़

 पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए लेबर रूम में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के चटनी गांव की रहने वाली एक प्रसूता को प्रसव के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान मृत शिशु के जन्म की सूचना मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने लेबर रूम में रखे लैपटॉप, टेबल और अन्य सरकारी सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण अभिलेख भी बिखर गए। घटना के कारण कुछ समय के लिए अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और मामले की जानकारी जुटाई।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने बताया कि अस्पताल में हुई तोड़फोड़ और हंगामे के संबंध में शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृत शिशु के जन्म के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।