नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस की बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान प्रद्युम्न कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो हरनौत थाना क्षेत्र निवासी पिंटू यादव के पुत्र थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रद्युम्न कुमार अपनी बाइक से चरण बाइपास पुल की ओर से पूर्व दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पुलिस बोलेरो से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस बोलेरो का एयरबैग खुल गया, जबकि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सूचना मिलने पर हरनौत थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और सड़क जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
