बलिया जिले की बैरिया तहसील के ग्राम गोपालपुर टांडी में घाघरा नदी के लगातार हो रहे कटान को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि घाघरा नदी के कटान से अब तक पांच मकान नदी में समाहित हो चुके हैं, जिससे कई परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि लगभग 100 मीटर के दायरे में नदी की मुख्य धारा को कटान स्थल से दूर मोड़ने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय किए जाएं। साथ ही कटान रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटान प्रभावितों को तीन दिनों के भीतर अनुमन्य आर्थिक सहायता का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र परिवारों को भूमि पट्टा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जाए, ताकि उनका शीघ्र पुनर्वास किया जा सके।
डीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों की सुरक्षा और समयबद्ध राहत है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
