अमेज़न राष्ट्रीय हैकाथॉन में एनआईटी जमशेदपुर की छात्राओं ने जीता प्रथम स्थान

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के विद्युत अभियंत्रण (Electrical Engineering) विभाग की छात्राओं ने प्रतिष्ठित Amazon Hackathon में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता अमेज़न के Acquila Office, बेंगलुरु में आयोजित की गई थी।

HACKPINK टीम, जिसमें स्वेक्षा मिश्रा (Sweksha Misra), शालिनी सिंह (Shalini Singh) और अपूर्वा जैन (Apoorva Jain) शामिल थीं, ने देशभर के आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रमुख निजी इंजीनियरिंग संस्थानों के 70,000 से अधिक प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान टीम ने अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार, समस्या-समाधान क्षमता और बेहतरीन टीमवर्क का प्रदर्शन किया। उनके अभिनव समाधान और उत्कृष्ट प्रस्तुति को निर्णायकों ने सर्वश्रेष्ठ माना, जिसके आधार पर टीम को विजेता घोषित किया गया।

एनआईटी जमशेदपुर प्रशासन, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर छात्राओं को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया। इस सफलता से संस्थान के अन्य विद्यार्थियों को भी तकनीकी नवाचार और शोध के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।