नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र के पैठन गांव में गली में पानी गिराने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। विवाद के दौरान एक महिला पर कथित रूप से ईंट से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान बैजू राम की 35 वर्षीय पत्नी मालती देवी के रूप में हुई है। उनका इलाज बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में चल रहा है।
घायल मालती देवी ने आरोप लगाया कि पड़ोसी उनके घर की गली में छत का पानी गिरा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पप्पू राम, उनके बेटे और भतीजे ने मिलकर उन पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
मालती देवी का कहना है कि घटना के समय उनके पति खेत में काम करने गए थे और घर पर वह अकेली थीं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
