SIR को लेकर कांग्रेस विधायक का चढ़ा पारा, मतदाता सूची में दर्ज आपत्तियों पर उठाए सवाल

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मंगलौर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन और नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड नंबर-5 के बूथ नंबर-1 के कई मतदाताओं की वोट पर दर्ज आपत्तियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

जनप्रतिनिधियों का कहना है कि वे लगातार ऑनलाइन निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई भी पात्र मतदाता SIR प्रक्रिया के दौरान अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए। इसी क्रम में उन्होंने मीडिया के सामने उन मतदाताओं को भी प्रस्तुत किया, जिनकी वोट पर आपत्ति दर्ज की गई है।

विधायक काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि नियमों के अनुसार एक BLO (2) एक दिन में सीमित संख्या में ही आपत्तियां दर्ज कर सकता है, लेकिन यहां एक ही व्यक्ति द्वारा 29 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला कई सवाल खड़े करता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विधायक ने आशंका जताई कि यदि इस तरह की अनियमितताएं जारी रहीं तो पात्र मतदाताओं के मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और सभी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।