कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष Mallikarjun Kharge की प्रस्तावित रैली से पहले हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal और नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच गए और कार्यालय परिसर के भीतर ही धरने पर बैठ गए।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि खड़गे की रैली में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आ रही कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बसों को पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका जा रहा है। इसी के विरोध में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में धरना शुरू कर दिया।
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस और प्रशासन पर सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि रैली में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक गतिविधियों पर असर पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद अधिकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने और बसों की आवाजाही में अनावश्यक बाधा नहीं डालने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हुई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया। रैली से पहले हुए इस घटनाक्रम ने हल्द्वानी की राजनीतिक गतिविधियों को और तेज कर दिया है |
