पश्चिम चंपारण जिले के नौतन प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत डबरिया मकरीटोला गांव में एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक छठु पटेल की अंतिम विदाई पारंपरिक शवयात्राओं से अलग अंदाज में निकाली गई, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार, परिवार की ओर से अंतिम यात्रा में ढोल-नगाड़े, गाजे-बाजे और आर्केस्ट्रा की विशेष व्यवस्था की गई थी। शवयात्रा के दौरान कलाकारों ने प्रस्तुति दी, जबकि संगीत की धुनों के बीच लोग अंतिम यात्रा के साथ चलते नजर आए। इस अनोखे आयोजन ने स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
बताया जा रहा है कि शवयात्रा के आगे मृतक छठु पटेल की अर्थी चल रही थी, जबकि पीछे आर्केस्ट्रा और सांस्कृतिक प्रस्तुति का आयोजन किया गया था। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग इस अलग तरह की अंतिम यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में जुटे रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तरह की शवयात्रा क्षेत्र में कम ही देखने को मिलती है। यही कारण रहा कि अंतिम यात्रा पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। कई लोगों ने इसे मृतक को सम्मानजनक और यादगार विदाई देने का परिवार का अनोखा तरीका बताया।
