सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर रहिका प्रखंड स्थित मिथिला के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कपिलेश्वर धाम में श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा कपिलेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवक और युवतियां दूर-दूर से पहुंचे और श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की।
जानकारी के अनुसार, जयनगर स्थित कमला नदी से पवित्र जल भरकर कांवरिया श्रद्धालुओं ने करीब 34 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी की। भीषण गर्मी और कंकरीले रास्तों के बावजूद शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा कपिलेश्वर धाम क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
शनिवार और रविवार से ही बड़ी संख्या में कांवरियों का जत्था कमला नदी से जल भरकर कपिलेश्वर धाम की ओर रवाना हो गया था। सोमवार को मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा कपिलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर, कांवरिया पथ और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही थी।
दूसरी सोमवारी के अवसर पर कपिलेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था और श्रद्धा को प्रदर्शित किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा।
