चरपोखरी थाना क्षेत्र के कोइल गांव में ससुराल जा रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव और मोटरसाइकिल फतेहपुर-कोइल पथ स्थित आहार से बरामद हुई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के बरिसवन गांव निवासी वीरेंद्र तिवारी के पुत्र संतोष तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष अपनी ससुराल कोइल गांव जा रहे थे। उनके साथ एक दोस्त के भी होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने शव उठाने से रोकते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि संतोष ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
