‘फ्रॉम शक्ति टू सिद्धि’ थीम पर बीसीए विभाग में फ्रेशर व फेयरवेल कार्यक्रम

महंथ महादेवानंद महिला महाविद्यालय के बीसीए विभाग की ओर से मंगलवार को ‘फ्रॉम शक्ति टू सिद्धि’ थीम पर फ्रेशर एवं फेयरवेल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित, समन्वयक डॉ. शिखा अवस्थी, बर्सर डॉ. राजीव कुमार और बीसीए शिक्षक राघवेंद्र नारायण एवं अमरजीत मिश्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप पालित ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का दौर है। ऐसे में छात्राओं को लगातार खुद को अपडेट रखने और नए कौशल सीखने की जरूरत है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और अपने कौशल को विकसित करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बीसीए विभाग के पाठ्यक्रम को भी समय की जरूरत के अनुरूप अपडेट करने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि छात्राओं को बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप बेहतर अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के बाद सोनाक्षी को मिस फ्रेशर चुना गया, जबकि रितिका को बेस्ट अकादमिक अवार्ड प्रदान किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।