झारखंड के रामगढ़ जिले स्थित पंजाब रेजिमेंटल सेंटर (PRC) में शनिवार को दिवाली मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में भारतीय सेना के जवानों, उनके परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने एक साथ मिलकर उत्सव का आनंद उठाया। पूरा परिसर खुशियों, उमंग और उत्साह से सराबोर नजर आया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सैनिकों और आम नागरिकों के बीच आपसी तालमेल, सहयोग और भाईचारे को मजबूत करना था। सैनिक-सिविलियन भाईचारा मेले के माध्यम से सेना और स्थानीय लोगों के बीच की दूरी कम करने तथा आपसी संबंधों को और मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
मेले में विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। खान-पान, घरेलू सामान और अन्य उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। सैनिकों के परिवारों और स्थानीय नागरिकों ने मेले में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पंजाब रेजिमेंटल सेंटर रामगढ़ के डिप्टी कमांडेंट मानवेंद्र सिवाच ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा रूपी कौशल और स्टॉल संचालक संजीव चड्ढा ने भी अपने विचार साझा किए।
दिवाली मेले ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारतीय सेना केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि स्थानीय समाज के साथ भी मजबूत और आत्मीय संबंध बनाए रखती है। सैनिकों और नागरिकों की इस साझा भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
